अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी: ईडी द्वारा हालिया कार्रवाई की जानकारी
आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और ओखला विधानसभा सीट के विधायक अमानतुल्लाह खान को सोमवार (2 सितंबर) को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया। ईडी का कहना है कि यह गिरफ्तारी दिल्ली वक्फ बोर्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
अमानतुल्लाह खान ने गिरफ्तारी के दौरान खुद को बेकसूर बताया और दावा किया कि जांच एजेंसी उन्हें गलत तरीके से गिरफ्तार कर रही है। उनके घर के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। इस गिरफ्तारी के बाद, आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
आइए जानते हैं कि अब तक ईडी ने आम आदमी पार्टी के कितने नेताओं को गिरफ्तार किया है:
- अरविंद केजरीवाल
ईडी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इसी साल मार्च में मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किया था। ईडी का आरोप था कि दिल्ली में शराब की नई पॉलिसी शराब कारोबारियों को लाभ पहुंचाने के लिए लाई गई थी। इसके बदले आप को फंड मिलने की बात भी कही गई थी। - संजय सिंह
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को अक्टूबर 2023 में दिल्ली की कथित शराब नीति घोटाले में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी से पहले ईडी ने उनके घर पर छापेमारी की थी और उनसे लंबी पूछताछ की थी। वर्तमान में संजय सिंह जमानत पर बाहर हैं। - मनीष सिसोदिया
शराब घोटाले में ईडी की पहली गिरफ्तारी दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की थी। उन्हें 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया गया था। ईडी का आरोप था कि मनीष सिसोदिया ने आबकारी नीति का मसौदा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और यह सब शराब कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया। हाल ही में अदालत ने उन्हें जमानत दी है। - सत्येंद्र जैन
ईडी ने आप नेता सत्येंद्र जैन को मई 2022 में कथित हवाला लेनदेन के आरोप में गिरफ्तार किया था। जैन से एक्साइज पॉलिसी केस में भी पूछताछ की गई थी। सत्येंद्र जैन अभी दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं।
दिल्ली पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारियां
ईडी के अलावा, आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को दिल्ली पुलिस भी गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से कुछ नेता तब गिरफ्तार हुए जब वे मंत्री पद पर थे, लेकिन बाद में उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। गिरफ्तार किए गए नेताओं में सोमनाथ भारती, संदीप कुमार, नरेश यादव, प्रकाश जारवाल, अखिलेशपति त्रिपाठी, मनोज कुमार और जितेंद्र सिंह तोमर शामिल हैं.
Amanatullah Khan ED Raid : अमानतुल्लाह खान को ED ने किया गिरफ्तार.