India vs Pakistan Hockey Match : एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 से आ रही है, जहां भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पाँचवीं लगातार जीत दर्ज की है। आइए जानते हैं इस रोमांचक मुकाबले की पूरी कहानी।भारतीय हॉकी टीम ने शनिवार, 14 सितंबर को चीन के हुलुनबुइर में खेले गए एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 के मुकाबले में पाकिस्तान को 2-1 से मात दी। इस रोमांचक मुकाबले में भारत की ओर से दोनों गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर किए। वहीं पाकिस्तान की ओर से अहमद नदीम ने एकमात्र गोल किया।
मुकाबले की शुरुआत काफी तेज-तर्रार रही। खेल के सातवें ही मिनट में पाकिस्तान ने बढ़त बना ली, जब हन्नान शाहिद के पास पर अहमद नदीम ने शानदार गोल किया। भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को छकाते हुए नदीम ने पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी। लेकिन भारत ने तुरंत वापसी की। खेल के 13वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भी हरमनप्रीत का जलवा देखने को मिला, जब उन्होंने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। हाफटाइम तक भारत ने अपनी बढ़त बरकरार रखी।
पाकिस्तान को पांचवीं बार हराया
तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने गोल करने की पूरी कोशिश की और कई पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें गोल करने से रोके रखा। भारत की तरफ से भी कुछ मौके बने, मगर कोई और गोल नहीं हो सका। चौथे और अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल करने की कोशिशें कीं, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो पाई। इस जीत के साथ भारतीय हॉकी टीम ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार पाँचवीं जीत दर्ज की। इससे पहले भारत ने कोरिया को 3-1, मलेशिया को 8-1, चीन को 3-0 और जापान को 5-0 से हराया था। इस जीत ने भारत की स्थिति को और मजबूत कर दिया है, और टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है।
सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम
भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही, हालिया समय में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का दबदबा और बढ़ गया है। पिछले साल हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत ने पाकिस्तान को 10-2 से हराया था, और चेन्नई में हुए एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भी भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से मात दी थी अब भारतीय टीम सेमीफाइनल के लिए पूरी तरह तैयार है, जो 16 सितंबर को खेला जाएगा, जबकि फाइनल 17 सितंबर को होगा। भारत इस बार भी खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है, और अगर भारत जीतता है, तो यह उसकी पाँचवीं एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी होगी।
भारतीय हॉकी टीम का स्क्वॉड भी काफी मजबूत है। गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक और सूरज करकेरा, डिफेंडर जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और कप्तान हरमनप्रीत सिंह जैसे खिलाड़ी टीम की रीढ़ बने हुए हैं। वहीं मिडफील्ड में विवेक सागर प्रसाद और मनप्रीत सिंह का बेहतरीन प्रदर्शन जारी है। तो यह थी आज की बड़ी खबर। देखते रहिए हमारा खास स्पोर्ट्स बुलेटिन, जहाँ हम आपको एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी से जुड़ी हर अपडेट देते रहेंगे।
इसे भी पढ़े: Movie Tumbbad Re Release: 6 साल बाद दोबारा रिलीज हो रही है तुम्बाड : थिएटर में मिस बिलकुल ना करें यह फिल्म।